Monday, March 22, 2010

बचपन की लाशें




कल मैं ने अपने बचपन को देखा बहुत सारे बच्चों में, जो India Gate के पास तालाब में नहा रहे थे. मैं चुप चाप बैठ कर उन को देखने लगा, अपना बचपन याद करने लगा. थोड़ी ही देर के बाद कुछ बच्चे तैरते हुए मेरे पास आये और मुझे भिगाने लगे. मुझे भी मज़ा आने लगा और मैं उन बच्चो की और अपने बचपन की फोटो साथ साथ खींचने लगा. उन बच्चों ने भी खूब जम कर फोटो शूटींग करवाई. बहुत देर तक ये सिलसिला चलता रहा. अब बारी थी उन बच्चों के बारे में कुछ जानने की, तो मैं ने उन से बारी बारी सवाल करना शुरू किया और जैसे जैसे मुझे मेरे सवालों का जवाब मिलता गया जाने क्यूं मेरे पैर कांपने लगे, सूरज ठीक मेरे सर के उपर  मंडराने लगा और एक अजीब सी गर्मी का अहसास होने लगा. प्यास भी लगी थी शाएद, उन बच्चो की आवाज़ मेरे कानों में सवाल बन कर घुंजने लगे. ऐसा लगने लगा जैसे वह तालाब में तैरने की वजह से ख़ुशी के मारे नहीं बल्के डूबने की वजह से चिल्ला रहे हों, चीख चीख कर कह रहे हों बचा लो मुझे बचा लो. और मैं बेबस लाचार उन को डूबता हुआ देख रहा था, बस देख रहा था. मुझे लगा जैसे मैं भी तालाब में छलांग लगा दूँ और उन बच्चों के साथ डूब के मर जाऊँ.  बच्चे अभी भी चीख रहे थे, जोर जोर से चीख रहे थे तभी किसी ने मेरे मुंह पर पानी मारा और मैं होश में आया. अब भी वो बच्चे कह रहे थे के uncle और फोटो खीचों ना, एक बच्चे ने कहा के uncle मैं उपर से Jump करता हूँ तब आप मेरी फोटो खिंच लेना.  मैं उस बच्चे की तलाब में Jump करने वाली फोटो यहाँ लगा रहा हूँ.  

















जब मैं ये सोचता हुआ घर वापिस लौट रहा था के क्यूं  मेरे दिमाग में वो ख़यालात आये? वो बच्चे तो खेल रहे थे फिर क्यूं मुझे लगा जैसे वो कुछ खो रहे हैं, कोई बहुत कीमती चीज़ उनके हाथो से निकल रही है, छुट रही है, फिसल रही है.  लेकिन वो चीज़ क्या है? क्या है वो चीज़? और ये सवाल मुझे ही क्यूं सता रहा है? और भी तो लोग थे वहां, उन में से किसी को ये क्यूं नहीं लगा या महसूस भी हुआ जो मुझे हो रहा है? उन सारे सवालों का जवाब जानने के लिए मैं ने अपनी मोटरसाइकिल मोड़ी और वापिस उसी जगह पहुँच गया जहाँ वो बच्चे खेल रहे थे. आवाज़ दे कर सब को इकठ्ठा किया और उनके साथ पास के ही पार्क में बैठ गया. वो सारे काम करने वाले बच्चे थे. कोई चाय की दुकान, कोई Embroidery के कारखाने, कोई जूता बनाने की factory या तो सड़क के किनारे छोले भठूरे के ठेले पर काम करता था. Sunday होने की वजह से ये सारे बच्चे यहाँ आ कर पुरे हफ्ते की थकान मिटा रहे थे या अपना बचपन जी रहे थे. बच्चे खुश थे और बेखबर थे दुनिया से, समाज से और महरूम थे किताब से.   

मैं उस वक़्त लाशें देख रहा था, कई कई लाशें एक साथ जो मेरे इर्द गिर्द बैठे थे. उन बच्चों की बचपन की लाशें जिसमे मेरा बचपन भी शामिल है . 












तारिक हमीद (बेवक़ूफ़)

Saturday, March 20, 2010

ज़माना बहुत बद-गुमान हो रहा है,


ज़माना बहुत बद-गुमान हो रहा है,
किसी शख्स का इम्तिहान हो रहा है,

सुरीली सदायें हैं एक शोख की सी,
इलाही ! ये जलसा कहाँ हो रहा है,

बहुत हसरत आती है मुझ को ये सुन कर,
किसी पर कोई मेहरबान हो रहा है,

तीरे ज़ुल्म-ए-पिन्हाँ अभी कौन जाने?
फ़क़त आसमान आसमान हो रहा है,

इन आँखों ने इस दिल का क्या भेद खोला?
के मुज़्तर मेरा राजदान हो रहा है,

सुनूँ क्या खबर जशन -ए-इशरत का कासिद ?
जहां हो रहा है वहां हो रहा है,

वो हाल-ए-तबीयत जो बरसों छुपाया,
हर एक शख्स से अब बयान हो रहा है,

कोई  उड़ के आया, कोई छुप के आया,
पषेमान तेरा पासबान हो रहा है,

कहीं दो घडी आप शबनम में सोये,
जो रुख पर अर्क दूर-फिशां हो रहा है,

ये बेहोशियाँ “दाग”, ये ख़्वाब-ए-घफ्लत,
खबर भी है जो कुछ वहां हो रहा है

Tuesday, February 2, 2010

ना तुम अपने ना हम अपने

ना तुम अपने ना हम अपने, 
ना ख़ुशी अपनी ना ग़म अपना,
किसे कहिये खुदा अपना,
किसे कहिये सनम अपना,

तुम्हारी भी खवाहिशें हैं,
मेरी भी तमन्नायें हैं, 
तुम्हारे नाम सब खुशियाँ,
मेरे नाम ग़म अपना, 

ना तुम अपने ना हम अपने, 
ना ख़ुशी अपनी ना ग़म अपना,
किसे कहिये खुदा अपना,
किसे कहिये सनम अपना.

Sunday, January 3, 2010

वो मेरे दोस्त का फ़ोन था.....

















मेरे एक कमरे के फ्लेट में मेरे अलावा एक चूल्हा भी रहता है जो कभी कभी जलता है, बर्तन भी हैं जो कभी कभी एक दुसरे से टकराते हैं. उनके टकराने से जो ध्वनि निकलती  है वो मुझे बहुत अपनी सी लगती  है. शायद इसलिए के कभी इसी कमरे में मेरे दोस्तों का जमावड़ा रहता था, अच्छे अच्छे पकवान बनते थे और ये बर्तन आपस टकराते रहते. पहले, चूल्हे का भगोने से, भगोने का प्लेट से, और प्लेट का चम्मच से एक रिश्ता था. सब एक दुसरे के संपर्क में रहते थे, हमेशा! अब सब अलग थलग पड़े रहते हैं. किसी का किसी से कोई संपर्क नहीं होता, सब अकेले हैं बिलकुल मेरी तरह.


ये सब लिखने की ज़रूरत आज इसलिए महसूस कर रहा हूँ कयूं  के एक अरसे के बाद मैं रसोई घर में गया और सारी चीज़ों को ग़ौर से देखने लगा. छोटे छोटे डब्बे मसाले वाले, एक नमक का, एक चीनी का, कोने में सरसों का तेल भी था. प्लेट, चम्मच, बर्तन धोने का साबुन, सभी कुछ मौजूद था मगर जिस चीज़ की ज़रूरत मुझे अभी महसूस हो रही थी और जिसके लिए मैं रसोई घर में गया था, वो कहीं नज़र नहीं आ रहा था. बहुत ढूंढा, मगर निराशा ही हाथ लगी. आखिर हार कर कुर्सी पर बैठ गया और रसोई घर की तरफ देखने लगा तभी अचानक मेरी नज़र उस पर पड़ी, वो चूल्हे के निचे छिपा था, मैं उसे टकटकी बांधे देखे जा रहा था. मैं उठा, उसकी तरफ लपका और चूल्हा हटा कर उसे अपने हाथों में ले लिया. उस मासूम सी चाकू से जिससे कभी सब्जी काटते काटते ऊँगली काट जाया करती थी, आज उसी चाकू से मैं अपनी नस काटने जा रहा था. मैं अपनी नस काटने को ही था तभी फ़ोन की घंटी बजी, फ़ोन उठाया, वो मेरे दोस्त का फ़ोन था.....

तारिक हमीद(बेवक़ूफ़)

Saturday, January 2, 2010

21st Safdar Hashmi Memorial















Stills from Charandas Chor presented by Naya theater on the occasion of 21st Safdar Hashmi Memorial Organized by SAHMAT
सच बोलने की सज़ा मौत होती है. नहीं, सिर्फ मौत ही होती है, जी हाँ यही सन्देश मिला मुझे "चरण दास चोर" देखने के बाद जो की Naya Theater द्वारा प्रस्तुत किया गया था और दिन था 1st january . ये मौक़ा था Safdar Hashmi को याद करने का. वैसे तो ये नाटक मैं पहले भी देख चूका था लेकिन इस बार इस नाटक को देखने की जो खास वजह थी वो ये के श्री हबीब तनवीर के बाद Naya Theater के कलाकार और उनकी बेटी Nagin Tanvir किस तरह इस प्रस्तुति को अंजाम देते हैं. मैं अपना कैमरा भी साथ ले गया था ताके प्रस्तुति के दौरान कुछ फोटो ले सकूँ. रंग मंच का कलाकार होने के नाते मैं बहुत ही बारीकि से नाटक को देख रहा था और खुश हो रहा था ये सोच कर के श्री हबीब तनवीर हमारे बीच ही हैं और उनको जिंदा रखने वाले हैं Naya Theater के कलाकार और उनकी बेटी. नाटक बहुत ही खुबसूरत ढंग से पेश किया गया, कलाकार जोश से भरे हुए थे, Choreography  ने नाटक को चार चाँद लगा दिया था. Chait Ram Yadav जो चरण दास चोर की और Ravi Lal Sangde सिपाही की भूमिका नाभा रहे थे, इन दोनों को अभिनय के लिए ज़ियादा नम्बर दिया जाना चाहिए. नाटक में संगीत हमेशा की तरह ही काफी अच्छा था.


नाटक ख़तम होने के बाद मेरी बात Chait Ram Yadav  जी से हुई जो की Naya Theater के बहुत ही पुराने कलाकार हैं. उन्होंने ने मुझे बताया के वो और उनके साथी कलाकार हर जगह श्री हबीब तनवीर की कमी महसूस करते हैं Rehearsal , Show , और ज़िन्दगी में. लेकिन उनकी सोच, और उनके काम को जिंदा रखना है, बल्कि जिंदा रखना ही होगा, अपने लिए, आम आदमी के लिए!

Safdar Hashmi  को और उनके काम को याद करने के लिए Sahmat हर साल 1st january को Cultural Program Organize  करता है. इस बार Naya Theater  के चरण दस चोर के अलावा बहुत सारे Progarm हुए जिसमे मदन गोपाल सिंह, विद्या शाह , Act one द्वारा गीत-संगीत की प्रस्तुति हुई और श्री हबीब तनवीर, मखदूम मोहिउद्दीन और D .D Kosambi  के बारे में किताबों का प्रदर्शन हुआ..






Still from Charandas Chor presented by Naya theater on the occasion of 21st Safdar Hashmi Memorial Organized by SAHMAT
तारिक हमीद(बेवक़ूफ़) 



Thursday, December 17, 2009

मैं माँ बनना चाहता हूँ

मैं माँ बनना चाहता हूँ अपनी शोना का, अपनी सबसे प्यारी बहन का। मैं चाहता हूँ के उसके चेहरे की उदासी सेकेंडों में छु कर दूँ जैसे माँ कर दिया करती थी। वो सारी बातें, तकलीफें उसकी उसके बताये बिना मुझे पहले से पता हो जैसे माँ को मालूम हो जाया करती थी। जैसे जब वो स्कूल से वापिस आती थी तो माँ उसके घंटी बजने से पहले ही दवाज़ा खोल देती। शोना अक्सर माँ से पूछती के माँ आप को कैसे पता चल जाता है के दरवाज़े पे मैं हूँ, तो माँ मुस्कुरा के कहती के बेटा मैं माँ हूँ। मैं "माँ" हूँ , तब शायद मुझे इस वाक्य का मतलब नहीं मालूम था लेकिन आज भली भांति जानता हूँ। अब शोना को अक्सर घंटी बजानी पड़ती है जब वो कॉलेज से आती है। खाना भी खुद ही रसोई घर से निकल कर खाना पड़ता हैं लेकिन माँ तो खाने को टेबल पर पहले से ही सजा कर रख देती थी और कभी कभी तो माँ थाली ले कर शोना के पीछे पीछे दौड़ती, भागती रहती थी ( जब शोना का मन अच्छा नहीं होता) और कहती रहती के एक कौर खा लो शोना बस एक कौर। आखिरकार माँ शोना को खिला कर ही दम लेती। और इस तरह थाली की भी सैर हो जाती थी। अब थाली का भी रंग उतरने लगा है कियूंकी उसका सफ़र भी तो अब रसोई घर से बस खाने के टेबल तक ही रह गया है। रात के खाने के बाद माँ अक्सर शोना और बाबा के साथ J.N.U की सड़कों पर टहलने निकलती थी और पीपल के पत्तों या फिर छोटे छोटे फूलों को (जो अभी अभी पेड़ों पर आये थे) देख कर खुश होती। माँ को छोटी छोटी खुशियाँ बटोरने की आदत थी। टहलते टहलते तीनों एक पेड़ के पास आ जाते और माँ उस पेड़ के टहनियों के बीच से सबको चाँद दिखाती। आज उस पेड़ को हमलोग माँ का पेड़ कहते हैं।

मैं माँ नहीं बन सका अपनी शोना का, दुनिया का कोई भी आदमी चाहे वो मर्द हो या औरत मेरी शीना का माँ नहीं बन सकता। मैं "माँ" हूँ, ये नहीं जता सकता। ये एहसास मुझे तब हुआ जब मेरी शोना मुझ से दो दिन के लिए रूठ गयी, मेरे किसी बात से नाराज़ हो गए थी शायद। मैं लगातार कोशिश करता रहा के वो मान जाये, हर वो कोशिश की जो माँ शोना को मानाने के लिए करती थी पर सफल ना हो सका। सोचता रहा के माँ तो शोना को दो मिनट में माना लेती थी।

अब शोना मान गयी है । वो मुस्कुराई तो जो सुकून मिला है मुझे वो बयान करने के लिए शायद कोई शब्द नहीं बना है अभी तक।

मैं माँ तो ना बन सका लेकिन अपनी शोना का भाई बन कर हमेशा उसके साथ रहूँगा। पहले मेरी शोना के परिवार में तीन सदस्य थे माँ, बाबा और शोना। अब चार सदस्य हैं माँ, बाबा, शोना और मैं!

तारिक हमीद(बेवक़ूफ़)

Tuesday, December 15, 2009

हाय ये आदमी, आदमी ही क्यूं हो?

आदमी का सब हो पर कोई न हो
कोई बताये के वो आदमी क्या हो?

मुहब्बत की जगह रुसवाई मिले जो अगर
आदमी वो तनहा न हो तो क्या हो?

तन्हाई ही शाएरी और इबादत है
वरना भीड़ में आदमी जाने क्या हो?

आदमी आदमी, आदमी ही आदमी है
हाय ये आदमी, आदमी ही क्यूं हो?

मज़हब आदमी का आदमी के लिए
होऊं बेअमल, बेवक़ूफ़ ना हो तो क्या हो?


तारिक हमीद(बेवक़ूफ़)